बदायूं: भाकियू (चढूनी) का अनिश्चितकालीन धरना 38वें दिन भी जारी, प्रशासनिक सुस्ती पर फूटा गुस्सा।

बदायूं: भाकियू (चढूनी) का अनिश्चितकालीन धरना 38वें दिन भी जारी, प्रशासनिक सुस्ती पर फूटा गुस्सा।
बदायूं। स्थानीय मालवीय आवास गृह पर भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) का अनिश्चितकालीन धरना रविवार को 38वें दिन भी जारी रहा। जिला अध्यक्ष सतीश साहू के नेतृत्व में 9 अक्टूबर से लगातार 24 घंटे धरने पर बैठे किसानों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
प्रशासन पर अनदेखी का आरोप
धरने को संबोधित करते हुए पदाधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत दबंगों के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाने के स्पष्ट निर्देश हैं, इसके बावजूद बदायूं प्रशासन के पास पूरा अधिकार होते हुए भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। आरोप है कि प्रशासन ने न तो सरकारी जमीन पर की गई अवैध बाउंड्रीवॉल को गिराने की जहमत उठाई है और न ही किसानों के खेतों पर किए गए अवैध कब्जे को हटवाया है।
किसानों की मुख्य मांगें:
प्रेमवती और भगवान दास की जमीन को दबंगों के अवैध कब्जे से तत्काल मुक्त कराया जाए।
जमीन का फर्जी बैनामा निरस्त (कैंसिल) किया जाए।
सरकारी व निजी भूमि पर कब्जा करने वाले दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाए।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
किसान नेताओं ने स्पष्ट किया कि संगठन इन दोनों मामलों पर पैनी नजर बनाए हुए है। यदि प्रशासन ने जल्द ही उचित कानूनी कार्रवाई कर पीड़ितों को न्याय नहीं दिलाया, तो जनपद भर के किसान और कार्यकर्ता लामबंद होकर न्याय मिलने तक अपना प्रदर्शन और तेज करेंगे।
धरने पर
राशिद अब्बासी, शरीफ अब्बासी, भगवान दास, प्रेमवती, अनवर शाह उर्फ साईं बाबा, दीपक, सत्येंद्र यादव, (बीयीशुदास) और यादवेंद्र यादव , आदि लोग उपस्थित रहे।




