पेड़ पर लटका मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, हाईवे किया जाम

बदायूं के थाना कादरचौक क्षेत्र में शनिवार रात से लापता युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर हाईवे पर हंगामा किया। इससे काफी देर तक जाम लगा रहा।
कादरचौक थाना क्षेत्र के लाभारी गांव निवासी सोरन शाक्य का 20 वर्षीय बेटा गिरिजेश शाक्य शनिवार देर शाम करीब 8 बजे घर से कहीं चला गया था। उसके वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करने के बाद मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की। कादरबाड़ी गांव के पास उसकी लोकेशन मिली, पुलिस लोकेशन ट्रेस करते हुए ककोड़ा जंगल तक पहुंची। रविवार सुबह ककोड़ा जंगल में युवक का शव पलाश के पेड़ पर लटका मिला। पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम कराया।
सोमवार दोपहर पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन शव को घर नहीं ले गए। परिजनों ने मैनपुरी हाईवे पर शव रखकर कादरचौक थाने के सामने जाम लगा दिया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की।
कादरचौक चौराहे पर लगा जाम एसपी सिटी अभिषेक कुमार व पूर्व विधायक धर्मेन्द्र शाक्य के समझाने से समाप्त हुआ।




