ट्रक की चपेट में आने से महिला की मौत, चार मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया

दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक की चपेट में आने से महिला की मौत, चार मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया
बदायूं जनपद के मुजरिया थाना क्षेत्र के बितरोई रेलवे फाटक पर हुआ दर्दनाक हादसा, पीछे से आए ट्रक ने महिला को कुचला, मौके पर ही तोड़ा दम।
बदायूं जनपद के मुजरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बितरोई रेलवे फाटक पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की जान चली गई। जानकारी के अनुसार पिंकी पत्नी संजय, निवासी गुन्नौर जनपद संभल, अपने पति के साथ मायके से भाई दूज का त्योहार मनाकर वापस अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान बितरोई फाटक के पास पीछे से आए ट्रक की चपेट में आने से पिंकी गंभीर रूप से कुचल गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही मुजरिया पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। इस दुखद घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतका के चार मासूम बच्चों के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया। वहीं पति संजय और जेठानी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पत्रकार सूरज सागर ने अपील की
सभी ट्रक, डंपर और अन्य भारी वाहन चालकों से विनम्र अपील है कि सड़क पर वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें। आबादी वाले क्षेत्रों, रेलवे फाटकों और भीड़भाड़ वाले रास्तों पर गति नियंत्रित रखें। दोपहिया वाहनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा जल्दबाजी और लापरवाही से बचें।
याद रखिए, आपकी थोड़ी सी लापरवाही किसी परिवार की जिंदगी भर की खुशियां छीन सकती है। सड़क पर आपकी जिम्मेदारी सिर्फ अपने वाहन तक सीमित नहीं, बल्कि दूसरों की जिंदगी की सुरक्षा भी है।
सुरक्षित चलें, दूसरों को भी सुरक्षित रखें।




