श्री कालका जी मंदिर में श्री सप्तचंडी यज्ञ की पूर्णाहुति, बड़े दिनेश जी VHP हुए शामिल

नई दिल्ली शारदीय नवरात्र की दुर्गा नवमी पर श्री कालका जी मंदिर स्थित महंत निवास परिसर में नौ दिनों से चल रहे श्री सप्तचंडी यज्ञ का विधि-विधान के साथ समापन हुआ। श्री कालिका पीठाधीश्वर महंत श्री सुरेंद्रनाथ अवधूत जी के सान्निध्य में आयोजित इस यज्ञ की पूर्णाहुति में विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक आदरणीय श्री दिनेश चंद्र जी (बड़े दिनेश जी) शामिल हुए। इस अवसर पर मां कालका से राष्ट्र की सुख-समृद्धि, जनकल्याण और हिंदू समाज के उत्थान की कामना की गई।
प्रथम नवरात्र से प्रारंभ हुए इस धार्मिक अनुष्ठान में दुर्गा नवमी तक वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ संपन्न हुआ। पूर्णाहुति से पूर्व 108 कन्याओं का पूजन किया गया। इसके बाद यज्ञ में पूर्णाहुति अर्पित कर मां जगत जननी कालका से देश की उन्नति, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की गई।
नवरात्र के नौ दिनों में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु कालका जी मंदिर पहुंचकर मां के दर्शन करते हैं। इस दौरान भक्त श्री सप्तचंडी यज्ञ में भी सम्मिलित होकर धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेते हैं। इस वर्ष भी राष्ट्रहित, सनातन संस्कृति के संरक्षण और समाज कल्याण की भावना से अनेक श्रद्धालुओं एवं गणमान्य व्यक्तियों ने यज्ञ में सहभागिता की।
महंत श्री सुरेंद्रनाथ अवधूत जी के मार्गदर्शन में संपन्न इस आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ राष्ट्र कल्याण का संदेश दिया गया। पूर्णाहुति के अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने मां कालका से देश की उन्नति, समाज में सद्भाव और समस्त जनमानस के सुख-कल्याण की प्रार्थना की।




